Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
जिलाध्यक्ष नदीमउद्दीन पप्पू के नेतृत्व में कई प्रधान रहे मौजूद
FATEHPUR NEWS: जनपद में ग्राम प्रधानों की छवि खराब करने और उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी नाराजगी जाहिर की। संगठन के जिला अध्यक्ष नदीम उद्दीन पप्पू ने कहा कि आसोथर ब्लॉक की ग्राम सभा सरकंडी की वर्तमान महिला प्रधान पुष्पा द्विवेदी को गलत तरीके से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जिससे पूरे जनपद के ग्राम प्रधानों में रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों के कार्यकाल के लगभग साढ़े चार वर्ष पूरे हो चुके हैं और पंचायत चुनाव नजदीक हैं। ऐसे समय में जनपद के कुछ आला अधिकारियों द्वारा जांच के नाम पर कार्रवाई कराकर ग्राम पंचायत विरोधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे अधिकारियों की मिलीभगत स्पष्ट नजर आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विकास कार्यों में पूरी निष्ठा से लगे रहते हैं, इसके बावजूद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। प्रधान संगठन ने पूर्व में बहुआ विकास खंड की ग्राम पंचायत नहरखोर और दूलापुर का उदाहरण देते हुए कहा कि बिना धारा-6 की नोटिस दिए आनन-फानन में ग्राम प्रधानों को पदमुक्त कर समिति का गठन कर दिया गया, जिसकी जानकारी संबंधित प्रधानों को अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद हुई। संगठन के. पदाधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत सरकंडी की महिला प्रधान पुष्पा द्विवेदी के मामले में सितंबर माह में खंड विकास अधिकारी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में वह नामजद नहीं थीं, लेकिन चार्जशीट में उनका नाम जोड़कर उन्हें गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेज दिया गया। संगठन का आरोप है कि यह कार्रवाई आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए प्रधानों की छवि धूमिल करने और उन्हें दोबारा चुनाव लड़ने से रोकने की मंशा से की गई है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से जनपद के समस्त ग्राम प्रधान आक्रोशित और आहत हैं तथा शासन-प्रशासन से न्यायोचित कार्रवाई की मांग करते हैं। इस दौरान उदय सिंह, तीरथ प्रसाद, राजकुमार, शिवा ठाकुर, वीरेंद्र शिवहरे, शिव भूषण तिवारी, रजा हुसैन, बीनू देवी, सिद्धनाथ, धर्मराज सहित अन्य ग्राम प्रधान मौजूद रहे।