कड़ाके की ठंड में SDM का मानवीय चेहरा, बुजुर्ग को अपने हाथों से ओढ़ाया कंबल

MUZAFFARNAGAR NEWS: कड़ाके की ठंड के बीच प्रशासन का मानवीय चेहरा उस समय देखने को मिला जब एसडीएम राजकुमार भारती ने अपनी राजस्व संबंधी शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचे एक बुजुर्ग को ठंड से कांपता देख तुरंत राहत पहुंचाई। सोमवार को थाना ककरौली क्षेत्र के गांव ककरौली निवासी आसाराम पुत्र अतरू अपनी जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। बुजुर्ग अवस्था के कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी और ठंड के कारण वे कांप रहे थे। बुजुर्ग की हालत देखकर एसडीएम राजकुमार भारती अपनी कुर्सी से उठे, उनसे आने का कारण पूछा और कर्मचारियों को तुरंत कंबल मंगाने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम ने स्वयं अपने हाथों से बुजुर्ग को कंबल ओढ़ाया, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली। इस मानवीय पहल की कार्यालय में मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की। वहीं एसडीएम ने बुजुर्ग की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह घटना प्रशासन के संवेदनशील और मानवीय पक्ष को दर्शाती है, जहां अधिकारी केवल अपनी जिम्मेदारियों तक सीमित न रहकर जरूरतमंदों की पीड़ा को समझते हुए मदद के लिए आगे आते हैं। खासकर ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को सहारा देना प्रशासन की सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *