तेंदुए ने बछड़े को बनाया शिकार:घर से उठाकर गन्ने के खेत में ले गया,गांव में दहशत

LAKHIMPUR KHERI NEWS: जिले के निघासन वन रेंज के बेलराया क्षेत्र अंतर्गत सिंगाही थाना क्षेत्र के फरदहिया गांव में एक तेंदुए ने घर में बंधे बछड़े को अपना शिकार बना लिया। यह घटना बीती रात की है। तेंदुआ बछड़े को जबड़े में दबोचकर पास के गन्ने के खेत में ले गया। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में दहशत फैल गई।ग्रामीणों के अनुसार, फरदहिया गांव निवासी बेचे लाल पुत्र मिन्हीलाल के घर की घारी में बछड़ा बंधा हुआ था। देर रात तेंदुआ घर के पास आया और बछड़े को उठाकर गन्ने के खेत में ले गया। सुबह जब परिजन उठे, तो उन्हें बछड़ा मृत अवस्था में मिला। इस घटना से परिवार और पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की आवाजाही पहले भी देखी जा चुकी है और ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसके बावजूद, वन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और वन विभाग की गश्त बढ़ाने की मांग की है।इस संबंध में उत्तर निघासन वन रेंज बेलराया के रेंजर भूपेंद्र सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *