ब्रिलियंट ओरियंटल स्कूल में खेलकूद सप्ताह का भव्य शुभारंभ, ब्ल्यू हाउस ने जीता क्रिकेट मैच

FATEHPUR NEWS: शहर के पक्का तालाब निबहरा स्थित ब्रिलियंट ओरियंटल स्कूल में खेलकूद सप्ताह (स्पोर्ट्स वीक) का हर्षोल्लास के साथ आगाज हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन शहर के पांच सभासदों ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों का बुके और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। स्पोर्ट्स वीक के पहले दिन ग्रीन हाउस और ब्ल्यू हाउस के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। मैच का शुभारंभ बाकरगंज के सभासद शादाब अहमद, ज्वालागंज के सभासद मोहम्मद अफताब, रामगंज पक्का तालाब के सभासद मोहम्मद साबिर, अंदौली के सभासद अखिलेश तथा अजगवां के सभासद विवेक यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों ने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यहां पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की भी बेहतरीन व्यवस्था है। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से दी जा रही आधुनिक शिक्षा विद्यालय को शहर के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल करती है। इस मौके पर अभिभावक इश्तियाक हुसैन ने भी अतिथियों का स्वागत किया। क्रिकेट के अलावा बैडमिंटन, वॉलीबाल और कबड्डी जैसे खेलों का भी आयोजन किया गया। विद्यालय के डायरेक्टर कृष्णा उप्पल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब समय बदल गया है और खेलों के माध्यम से भी बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। विद्यालय के चेयरमैन वासिफ हुसैन ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया, वहीं प्रधानाचार्य फजल अहमद ने भी स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विद्यालय का बैनर गैस के गुब्बारों के साथ आकाश में उड़ाकर कार्यक्रम को यादगार बनाया। खेलों का संचालन पीटीआई मोहसिन और कोऑर्डिनेटर ताहिर हसन की देखरेख में किया गया, जिसमें विभिन्न हाउस के कैप्टनों ने भी सहयोग किया। इस दौरान क्रिकेट मुकाबले में ब्ल्यू हाउस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ग्रीन हाउस ने आठ ओवर में छह विकेट खोकर 41 रन बनाए। जवाब में ब्ल्यू हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक विकेट के नुकसान पर 42 रन बनाकर मुकाबला नौ विकेट से जीत लिया। मैच के अंपायर मोहम्मद आसिफ और अफजल रहे। यह लीग मैच था, जिसमें दोनों टीमों को आगे एक और मौका मिलेगा। कार्यक्रम में वकील अहमद, आसिफ हुसैन, फहमी मजहर, ताहिर हुसैन, अरशद नूर अंसारी, अफजल, सलाहुद्दीन, सूफिया, अर्शिया, तहतीब, इमरान खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *