Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
KAUSHAMBI NEWS: कृषि विज्ञान केंद्र, कौशांबी में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्रीय किसान दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य माननीय मीनू योगेश साहू रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्र के मृदा वैज्ञानिक द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि सहित कृषि विज्ञान केंद्र के सभी वैज्ञानिकों ने माननीय चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, कौशांबी के मृदा वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने चौधरी चरण सिंह के जीवन एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारत के पाँचवें प्रधानमंत्री, प्रख्यात किसान नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन ग्रामीण भारत और किसानों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी सेवाएँ दीं। ‘किसान’ के नाम से प्रसिद्ध चौधरी चरण सिंह ने भूमि सुधारों एवं ग्रामीण समृद्धि के लिए कई ऐतिहासिक कानून बनाए, जिस कारण वे ‘भारत के किसानों के मसीहा’ के रूप में जाने जाते हैं। मुख्य अतिथि योगेश मीनू साहू ने राष्ट्रीय किसान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए किसानों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा जी-राम-जी योजना के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान कृषि, अन्न एवं प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों को किसान सम्मान दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। सम्मानित किसानों में बिहारी लाल (गौसपुर), अनुज कुमार (बैंगवा, फतेहपुर), नेम सिंह (काजीपुर), श्याम बाबू (छीतापुर), भानु प्रताप (अमनीपुर, लौकीपुर), शीलू (गिरिया खालसा) एवं सीता निगम (रतिगहा) शामिल रहे। उक्त अवसर पर डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. मीनाक्षी सक्सेना, डॉ. अमित केशरी, विनयधर शुक्ला सहित कृषि विज्ञान केंद्र के अन्य वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डा.अमित, डा जितेन्द्र ने उपस्थित सभी लोगों को चौधरी चरण सिंह के विचारों को अपनाकर किसान हित एवं ग्रामीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दिलवाया।कार्यक्रम का समापन करते हुए डॉ. मीनाक्षी सक्सेना ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।