Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस के अवसर पर 19 से 25 दिसम्बर 2025 तक आयोजित सुशासन सप्ताह–प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न हुई। कार्यशाला के मुख्य अतिथि पूर्व जिलाधिकारी/सेवानिवृत्त आईएएस नरेन्द्र शंकर पाण्डेय रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया, जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। मुख्य अतिथि नरेन्द्र शंकर पाण्डेय ने कहा कि सुशासन सप्ताह का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सुनकर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण करना है। लोक सेवकों को आत्मविश्वास, ईमानदारी और सहजता के साथ कार्य करना चाहिए तथा मातृ भाषा पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद को ऊर्जावान, जोशपूर्ण और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, न्याय और जनकल्याण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत जनपद की प्रगति रिपोर्ट की भी प्रशंसा की। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने पीपीटी के माध्यम से बताया कि जिला शिकायत निस्तारण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, आईजीआरएस सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। प्रत्येक शुक्रवार को चौपाल लगाकर गांव में ही समस्याओं का निस्तारण किया जाता है। प्रतिदिन 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई कर शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाता है, जिससे मौके पर जाकर समाधान हो सके। पेंशन, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री सम्मान निधि सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि सुशासन सप्ताह के दौरान ब्लॉक से लेकर जनपद स्तर तक सभी विभागों ने संकल्प लेकर कार्य किया है। लंबित शिकायतों का निस्तारण किया गया और अधूरे कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा कराया गया। गरीबों को निःशुल्क राशन का वितरण पारदर्शिता के साथ किया गया, वहीं शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि नरेन्द्र शंकर पाण्डेय को स्मृति चिन्ह व उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यशाला में डीएफओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) गौरव श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञानप्रकाश, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, डीडीओ सतीश सिंह, डीसी मनरेगा सन्दीप सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेन्द्र कुमार मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित समस्त खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।