बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के विरोध में बढ़नी में प्रदर्शन, फूंका पुतला

SIDHARTHNAGAR NEWS: पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार और युवक दीपू चंद्र की हत्या के विरोध में मंगलवार को सीमावर्ती कस्बे बढ़नी में भारी जनआक्रोश देखने को मिला। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि के नेतृत्व में विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विशाल ‘जन आक्रोश मार्च’ निकालकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। यह जुलूस कस्बे के स्टेशन रोड, राम जानकी मंदिर मार्ग, श्रीरामलीला मैदान और गोला बाजार समेत विभिन्न मुख्य मार्गों से होता हुआ माल गोदाम तिराहे पर पहुंचा, जहां एक सभा का आयोजन किया गया। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और वहां के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन किया। इस दौरान ‘रोहिंग्या भगाओ-देश बचाओ’ और ‘हिंदुओं का नरसंहार बंद करो’ जैसे नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है, जिसे भारत का हिंदू समाज अब और बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को उठाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। रैली का नेतृत्व कर रहे चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने कहा कि भारत शांतिप्रिय देश है, लेकिन हमारे भाइयों पर हो रहे जुल्म के खिलाफ हम चुप नहीं बैठेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा नेता राजकुमार उर्फ राजू शाही, ध्रुव चतुर्वेदी, कन्हैया मित्तल, पटेश्वरी अग्रहरि, सिद्धार्थ शंकर पाठक, गणेश अग्रहरि, अजय प्रताप यादव,अभिषेक यादव, संजय मोदनवाल, सूरज अग्रहरि, रामराज कन्नौजिया, संजय जायसवाल और मुन्नू मौर्य समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *