मिशन शक्ति: छात्राओं को बताए नए कानून, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ स्थित स्वतंत्रता सेनानी उदय राज शुक्ल बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा के गुर सिखाते हुए उन्हें नए कानूनों की जानकारी दी। थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दहेज उत्पीड़न और हाल ही में लागू हुए तीन नए कानूनों के बारे में विस्तार से बताया। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उप निरीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि किसी भी विषम परिस्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें। टीम ने स्कूल में पम्प्लेट वितरित कर शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाई।
कार्यक्रम में वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 के प्रति छात्राओं को सजग किया गया। इसके अलावा 108 एम्बुलेंस और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर आरक्षी बृजेश गौतम और महिला आरक्षी श्रद्धा त्रिपाठी समेत विद्यालय का स्टाफ व छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *