लंबे संघर्ष और हड़ताल के लिए तैयार रहें बैंककर्मी:डी के सिंह

पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंक कर्मियों का प्रदर्शन
LUCKNOW NEWS: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले आज सार्वजनिक क्षेत्र के बैंककर्मियों ने केंद्र सरकार द्वारा “पांच दिवसीय बैंकिंग” लागू न करने के विरोध में हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक की शाखा के सामने जोरदार प्रदर्शन और सभा की। फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि इस मुद्दे पर फोरम ने अखिल भारतीय आंदोलन प्रारंभ कर दिया है। कामरेड डी के सिंह (महामंत्री, एनसीबीई) ने कहा कि बैंककर्मियों पर बढ़ते हुए तनाव और दबाव के चलते “पांच दिवसीय बैंकिंग” शीघ्र लागू होनी चाहिए और ऐसा न होने पर बैंक कर्मी लंबे संघर्ष और हड़ताल के लिए तैयार है।
काम. वाई के अरोड़ा, आर एन शुक्ला, मनमोहन दास, एस के संगतानी, संदीप सिंह, वी के माथुर, विशाखा वर्मा आदि बैंक नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब आर.बी.आई., एल.आई.सी. व जनरल इंश्योरेंस आदि में पांच दिवसीय कार्य दिवस प्रणाली लागू है तो फिर बैंककर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों? सभा को विभिन्न घटक दलों के बैंक नेताओं काम. एस डी मिश्रा, शकील अहमद, लक्ष्मण सिंह, बी डी पांडे, विभाकर कुशवाहा, यू पी दुबे, मनीष कांत, ललित श्रीवास्तव आदि ने भी संबोधित किया। अनिल तिवारी (मीडिया प्रभारी) ने बताया कि आगामी 30 दिसंबर को केनरा बैंक (आंचलिक कार्यालय, गोमती नगर), बैंक ऑफ़ इंडिया (चौक शाखा), यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया (कपूरथला शाखा) तथा सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया (हजरतगंज शाखा) पर बैंककर्मियों द्वारा संयुक्त प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *