हसवा कंपोजिट विद्यालय में एक माह में दूसरी बार चोरी, हजारों का सामान ले उड़े चोर

FATEHPUR NEWS: जिले के थरियांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हसवा कस्बे स्थित कंपोजिट विद्यालय में चोरों ने एक बार फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। एक माह के भीतर यह दूसरी चोरी की घटना है, जिससे विद्यालय प्रशासन में रोष व्याप्त है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीना वाजपेई ने हसवा पुलिस चौकी प्रभारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे जब विद्यालय खोला गया तो आईसीटी (विज्ञान प्रयोगशाला) लैब का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर लैब से इनवर्टर, दो बैटरियां और यूपीएस चोरी कर ले गए हैं। इसके अलावा लैब में रखे अन्य उपकरणों को भी चुराने का प्रयास किया गया, जिससे कई उपकरण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। चोरों ने विद्यालय के रसोई घर का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, हालांकि वहां से कोई सामान चोरी नहीं हो सका। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि यह चोरी की घटना पिछले एक माह में दूसरी बार हुई है। इससे पहले 26 नवंबर 2025 को भी विद्यालय में चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट थाना थरियांव में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद हैं। बताया गया कि पिछले करीब 10 वर्षों में विद्यालय में चोरी की यह पांचवीं घटना है। इस संबंध में हसवा पुलिस चौकी प्रभारी अरुण कुमार मौर्य ने बताया कि चोरी से संबंधित शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *