प्लॉट विवाद में पुलिस उत्पीड़न का आरोप, पीड़िता ने एसपी से की शिकायत

FATEHPUR NEWS: थाना खखरेरू क्षेत्र के ग्राम बसवा निवासी रोशनी देवी पत्नी हीरालाल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर भूमि विवाद में पुलिस उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने विवादित प्लॉट को 15 जुलाई 2014 को जयप्रकाश शुक्ला से रजिस्ट्री बैनामा के माध्यम से खरीदा था, जिसके बाद से वह प्लॉट पर काबिज हैं। पीड़िता के अनुसार, उक्त प्लॉट उनके मकान के ठीक सामने स्थित है, जहां वह जानवर बांधती हैं और गृहस्थी का सामान रखती हैं। आरोप है कि ग्राम कालूपुर थाना खखरेरू निवासी हरिश्चंद्र पुत्र रामचंद्र एवं महेश चंद्र पुत्र रामकृपाल, जिनकी ससुराल पीड़िता के गांव में है, प्लॉट पर कब्जा करने की नीयत से उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि विरोधी पक्ष द्वारा उनके खिलाफ सिविल जज (सीनियर डिवीजन) फतेहपुर की अदालत में वाद संख्या 355/2014 फर्जी तथ्यों के आधार पर दाखिल किया गया है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। शिकायत में कहा गया है कि 22 दिसंबर 2025 को विरोधी पक्ष ने पुलिस की मदद से प्लॉट पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया और धमकी दी। इसके अगले दिन 23 दिसंबर 2025 को एक दरोगा के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और प्लॉट खाली करने का दबाव बनाया गया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिसकर्मी द्वारा गाली-गलौज और चालान की धमकी दी गई तथा उनके पति का चालान भी कर दिया गया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर विरोधी पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा संबंधित पुलिसकर्मी को उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न करने के निर्देश देने की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *