बाईपास के फुटकर व्यापारियों को परेशान करने का आरोप, आदर्श व्यापार मंडल ने डीएम से की शिकायत

FATEHPUR NEWS: जिला प्रशासन पर गरीब फुटकर व्यापारियों को बेवजह परेशान करने और अमीरों पर मेहरबानी बरतने का आरोप लगाते हुए आदर्श व्यापार मंडल (गर्ग गुट) के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। यह मुलाकात आयोजित सड़क सुरक्षा की बैठक के दौरान की गई। आदर्श व्यापार मंडल गर्ग गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग एवं जिला अध्यक्ष अभिनव यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ बाईपास पर वर्षों से जीविकोपार्जन कर रहे फुटकर व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापार मंडल की ओर से प्रशासन के समक्ष विज्ञापन देकर मांग की गई कि बाईपास पर कारोबार कर रहे व्यापारियों के साथ सौतेला व्यवहार न किया जाए और उन्हें व्यवस्थित करते हुए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि गरीब व्यापारियों का शोषण न हो और वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की लगातार कार्रवाई से गरीब व्यापारी परेशान हैं, जबकि प्रभावशाली वर्ग को राहत दी जा रही है। उन्होंने मांग की कि सभी व्यापारियों के लिए एक समान नीति लागू की जाए। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी व्यापारियों को व्यवस्थित कर उचित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं अपर जिलाधिकारी ने भी भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान सुमन, राजेश कुमार, पिंकी, राहुल, राधा, अमन, विनय सोनी, प्रिंस, आदर्श, राजकुमार, पवन, रामबाबू, संतोष सहित कई फुटकर व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *