Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मूल रूप से हरिहरगंज (बलरामपुर) निवासी प्रदीप कुमार (45) पुत्र रामदेव, जो वर्तमान में बढ़नी बाजार में रह रहा था, रात करीब साढ़े आठ बजे एक महिला को बाइक पर बैठाकर पिज्जा लेने स्टेशन रोड जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बढ़नी चौकी के हेड कांस्टेबल अशोक कुमार यादव, अर्जुन यादव और शिव कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर घायल को पीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद पुलिस ने कार और बाइक को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। चौकी इंचार्ज बढ़नी वीरेंद्र यादव ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि ठंड और कोहरे के मौसम में सड़क पर अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने अपील की कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें और रात्रि के समय वाहनों की गति नियंत्रित रखें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके। पुलिस ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, जिससे घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।