Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
सफाई अभियान और दीप प्रज्वलन के साथ गूंजा ‘भारत माता की जय’
BHADOHI NEWS: पौराणिक एवं धार्मिक स्थल सीतामढ़ी स्थित महर्षि वाल्मीकि गंगा घाट पर बुधवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने श्रद्धा, सेवा और संकल्प के साथ स्मरण किया। गंगा घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया। वहीं दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रनायक अटल बिहारी वाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कार्यक्रम की शुरुआत गंगा घाट की साफ-सफाई से हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने घाट की सीढ़ियों, आसपास के परिसर और गंगा तट की स्वच्छता कर “स्वच्छ गंगादृस्वस्थ भारत” का संदेश दिया। इसके पश्चात सैकड़ों दीप जलाकर मां गंगा की आरती की गई और “भारत माता की जय” व “अटल जी अमर रहें” के नारों से घाट परिसर गूंज उठा। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और श्रद्धा का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। मां गंगा इंटर कॉलेज के मैनेजर गौरव शुक्ला ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल एक राजनेता नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पित एक दूरदर्शी विचारक थे। उन्होंने राजनीति में शुचिता, संवाद और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। अटल जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है और उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वहीं ओमप्रकाश मिश्रा ने कहा कि अटल जी ने प्रधानमंत्री रहते हुए देश को विकास, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सम्मान की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर सड़क, संचार और अधोसंरचना विकास तक उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता। जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी कृष्ण कुमार मिश्रा ने कहा कि अटल जी की सोच ‘सबका साथ, सबका विकास’ आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उनके समय में थी। इस मौके पर नागेंद्र सिंह, राकेश यादव व बलिराज सिंह आदि भाजपा के कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।