डीएम ने एक्सईएन जल निगम को लगाई कड़ी फटकार

सेमराधनाथ माघ मेला व कल्पवास की तैयारियों के निरीक्षण में कार्य पूर्ण न होने पर दो दिन के अंदर पूरा कराने की दी हिदायत
BHADOHI NEWS: सेमराधनाथ माघ मेला व कल्पवास की तैयारियों एवं शांति व्यवस्था का बुधवार को डीएम शैलेश कुमार व एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सेमराधनाथ माघ मेला का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का मुआयना किया। जल निगम विभाग का कार्य पूर्ण न होने पर डीएम ने एक्सईएन को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही हिदायत दी गई कि 2 दिन के भीतर कार्य को पूर्ण कराएं। अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नहर पालिका परिषद के ईओ को निर्देश दिए कि मेले में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए 25 स्ट्रीट लाइट देने के साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराए। डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कल्पवासियों की सुविधा के दृष्टिगत सेमराध पीएचसी एवं मोबाइल टीम द्वारा जीवन रक्षक दवाओं की अनिवार्य रूप से व्यवस्था की जाएं। 24 घंटे रोस्टर वार एम्बुलेंस सहित डाक्टरों की टीम की तैनाती कर मोबाइल नंबर सहित सूची उपलब्ध कराएं। उन्होंने एसीओ से स्नान के बाद महिलाओं के कपड़ा बदलने के लिए अस्थाई चेजिंग रूम बनवाने के निर्देश दिए। वन विभाग को कल्पवासियों के लिए अलाव के लिए लकड़ी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग से एक नोडल अधिकारी व कर्मचारी की तैनाती कर सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित कराए। साथ ही मेले के पूरी निगरानी के लिए प्रभारी मेलाधिकारी की तैनाती करने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। डीएम ने 15 जनवरी को मकरसंक्रांति में संभावित भीड़ के दृष्टिगत उनकी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला अधिकारी एवं एसडीएम ज्ञानपुर व सीओ को मेला को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सेमराधनाथ धाम माघ मेला अंतर्गत मकरसंक्रांति पर रामपुर घाट एवं सीतामढ़ी घाट पर भी उपर्युक्त आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के  लिए संबंधित को निर्देश दिए गए। एक जनवरी को सेमराधनाथ धाम मेले का डीएम शुभारंभ करेंगे। एसपी ने सुरक्षा के दृष्टिगत मेले मे पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेटिंग, जल पुलिस, नाविक, गोताखोर, महिला पुलिस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित को निर्देश दिए। तत्पश्चात डीएम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेमराधनाथ का आकस्मिक निरीक्षण किया। एमओआईसी को निर्देश दिए कि मरीजों को समुचित इलाज सही ढंग कराए। दवाओं आदि का वितरण कराए। इस मौके पर सेमराधनाथ धाम मकरसंक्रांति मेला समिति के अध्यक्ष, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एसडीएम भानसिंह, सीएमओ डॉ.संतोष कुमार चक एवं मेले से संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *