Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
JALAUN NEWS: कदौरा महमूद नगर (बड़गांव)में बनी आरसीसी सड़क और नाली आज ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। कुछ वर्ष पूर्व भारी लागत से बनी यह सड़क और नाली अब जगह-जगह से टूट-फूट का शिकार हो चुकी है। सड़क में गहरे गड्ढे पड़ गए हैं, वहीं नाली की दीवारें धंस चुकी हैं, जिससे गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। हालात इतने खराब हैं कि पैदल चलना भी दूभर हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि जिससे होकर रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चे, मजदूर, किसान और बुजुर्ग आवागमन करते हैं। टूटी सड़क के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाइक और साइकिल सवार कई बार फिसलकर गिर चुके हैं, जबकि रात के समय हादसे का खतरा और भी बढ़ जाता है। नाली टूटने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो चुकी है। गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है, जिससे कीचड़ और बदबू फैलती है। बरसात के मौसम में हालात और भयावह हो जाते हैं, जब पानी भर जाने से सड़क और नाली का फर्क तक नजर नहीं आता। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क और नाली निर्माण में मानक गुणवत्ता का पालन नहीं किया गया, इसी वजह से कम समय में ही यह बदहाल हो गई। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित विभाग को अवगत कराया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले, धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महमूद नगर के ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टूटी आरसीसी सड़क और नाली की निष्पक्ष जांच कराकर मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए। साथ ही दोषी ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे जिला प्रशासन से मिलकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे और जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।