देवीगंज व हरिहरगंज चर्चों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस

चर्चों में विशेष आराधना, गीत-प्रार्थना और बच्चों की प्रस्तुति ने बांधा समां

FATEHPUR NEWS: देवीगंज स्थित चर्च में रविवार को प्रभु यीशु मसीह का जन्मदिन (क्रिसमस) बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चर्च में विशेष आराधना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आराधना के दौरान फादर ने प्रभु यीशु मसीह के जीवन, उनके संदेशों और मानवता के प्रति उनके प्रेम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यीशु मसीह का जीवन त्याग, करुणा और सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि प्रभु यीशु द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे को बढ़ावा दें। वहीं हरिहरगंज चूना गली स्थित चर्च में भी क्रिसमस पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहां पादरी ने प्रभु यीशु मसीह के जीवन दर्शन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस शांति और प्रेम का पर्व है। इस अवसर पर बाइबल के पवित्र वचन का पाठ किया गया— “क्योंकि परमेश्वर ने जगत से ऐसा प्रेम रखा कि उसने अपना एकलौता पुत्र दे दिया, ताकि जो कोई उस पर विश्वास करे, वह नाश न हो, परन्तु अनन्त जीवन पाए।” चर्च में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेष क्रिसमस आराधना संपन्न हुई। इस दौरान क्रिसमस के गीत गाए गए, प्रवचन हुआ और देश की शांति व समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए नृत्य कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। आराधना के उपरांत सभी उपस्थित लोगों को केक, कॉफी और मिठाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालु एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए खुशी और सौहार्द के माहौल में अपने-अपने घर लौट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *