भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी उत्साहपूर्वक मनाई गई

FATEHPUR NEWS: भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती/जन्म शताब्दी समारोह राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सभागार, फतेहपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर आयोजित समारोह के सजीव प्रसारण को देखने के साथ हुई। इसके पश्चात मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इसी क्रम में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर सभी अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला महाविद्यालय, फतेहपुर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान अटल जी के विचारों और उनके सुशासन के सिद्धांतों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं अटल बिहारी वाजपेयी पर आयोजित काव्य-पाठ प्रतियोगिता में साक्षी सचान ने प्रथम, आदित्य सिंह ने द्वितीय तथा राशी पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं “अटल एवं सुशासन” विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में श्रुति देवी को प्रथम, दिव्यांशी मिश्रा को द्वितीय एवं मरियम शमीम को तृतीय स्थान मिला। विजेताओं को क्रमशः ₹10,000, ₹5,000 एवं ₹2,500 की धनराशि व प्रमाण पत्र देकर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित किया। इसी प्रकार “अटल एवं सुशासन” विषय पर निबंध प्रतियोगिता में अमन कैथल प्रथम, अलका पाल द्वितीय एवं कृष्णा तृतीय स्थान पर रहे। इन्हें क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 व ₹2,000 की पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम जिला विद्यालय निरीक्षक फतेहपुर के निर्देशन एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्रो. प्रशांत द्विवेदी ने किया, जबकि कार्यक्रम की संयोजक डॉ. चारू मिश्रा रहीं। समारोह में प्रो. शकुंतला, प्रो. लक्ष्मीना भारती, रमेश सिंह, डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव, डॉ. चंद्र भूषण, बृजेश पाल, डॉ. अनुष्का छोंकर, डॉ. राज कुमार आनंदनाथ सहित सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक अविनाश एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *