Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
LAKHIMPUR KHERI NEWS: सलेमपुर कौन ग्राम पंचायत में तुलसी पूजा का पर्व श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गांव में धार्मिक माहौल देखने को मिला, जहां सुबह से ही महिलाओं और बच्चियों में विशेष उत्साह था। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तुलसी चौरे को रंग-बिरंगे फूलों और दीपों से सजाया। पूजा से पहले घरों की साफ-सफाई की गई और आंगन में आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया। विधि-विधान से तुलसी माता की पूजा करते हुए महिलाओं और बच्चियों ने दीप प्रज्वलित किए। उन्होंने धूप, दीप, पुष्प, फल और नैवेद्य अर्पित किया। पूजा के दौरान तुलसी माता की आरती की गई और मंगल गीत गाए गए। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की गई। ग्रामीणों ने बताया कि हिंदू धर्म में तुलसी माता को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है और उनकी पूजा से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।पूजा के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। गांव की बुजुर्ग महिलाओं ने युवतियों और बच्चियों को तुलसी पूजा के महत्व और उससे जुड़ी पौराणिक कथाओं के बारे में जानकारी दी। यह आयोजन ग्रामीण समाज में संस्कारों को जीवित रखने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है।