Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
साहिबजादों का बलिदान,आने वाली पीढ़ियों को देश,धर्म और मानवता के लिए समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा-कल्पना सोनकर
KAUSHAMBI NEWS : अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर एवं सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा ने आज वीर बाल दिवस के अवसर पर उदयन सभागार में आयोजित भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
अध्यक्ष जिला पंचायत, सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों-गुनगुन, छाया पाल, श्रद्धा शुक्ला, अजय कुमार, रेशमा, विष्णु गुप्ता, तेज नारायण मिश्रा, मानवी यादव, जानवी यादव, वैष्णवी त्रिपाठी, प्राची यादव, शिखा वर्मा, नीलू कुशवाहा, मधु दुबे, रेशमा, रुद्र नारायण, आकाश, कनिका, रोशनी, अनुराग कुमार, गोलू कुमार, शिवानी श्वेता, माही, अर्चना व निशा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अध्यक्ष जिला पंचायत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वीर बाल दिवस साहस, बलिदान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों का अद्वितीय बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है, जो आने वाली पीढ़ियों को देश,धर्म और मानवता के लिए समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि साहिबजादों के बलिदान ने साबित किया कि वीरता उम्र की मोहताज नहीं होती है। वीर बाल दिवस हमें यह संदेश देता है कि कम आयु में भी महान आदर्शों के लिए अदम्य साहस के साथ खड़ा हुआ जा सकता है। सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने कहा कि वीरता, साहस एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रम में प्रतिभाग करना अत्यंत गौरव का पल है। आज का कार्यक्रम, अदम्य साहस को समर्पित कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री ने साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए 9 जनवरी,2022 को घोषणा की थी कि प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को, वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने वीर बाल दिवस मनाने का उद्देश्य बताते हुए कहा कि साहिबज़ादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फ़तेह सिंह के अद्वितीय बलिदान को स्मरण करना है। वे सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पुत्र थे, जिन्होंने बहुत कम उम्र में धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नाटक, गीत एवं कविताओं के माध्यम से साहिबजादों के जीवन, संघर्ष और बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी नीरज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कमलेंद्र कुमार कुशवाहा उपस्थित रहे।