जनसुनवाई में एसपी अनूप कुमार सिंह ने सुनीं आमजन की समस्याएं

पुलिस कार्यालय में फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश

FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं। दूर-दराज से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक कलह, धोखाधड़ी, महिला उत्पीड़न सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की बात को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित प्रकरणों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों से प्रकरणों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। एसपी अनूप कुमार सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, टालमटोल या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई आवश्यक है, उनमें शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान महिला फरियादियों की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा कानून के दायरे में रहते हुए त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की स्थिति से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है। जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *