Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
एसपी के निर्देशन में जिले भर में एण्टी रोमियो टीमों ने चलाया विशेष जन-जागरूकता अभियान
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद फतेहपुर में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति एवं एण्टी रोमियो टीमों द्वारा चलाया गया। अभियान के अंतर्गत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। टीमों द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए शासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई। इसके साथ ही महिलाओं को सहायता हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। पुलिस कर्मियों द्वारा मोबाइल फोन पर पैनिक बटन एवं इमरजेंसी कॉल सिस्टम का डेमो भी प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुविधा, उत्पीड़न या आपात स्थिति में बिना झिझक इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना बताया गया।