Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
JHANSI NEWS: भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं विशेष रोल प्रेक्षक जे.वी.एन. सुब्रमण्यम ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि झांसी जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के अंतर्गत किया गया कार्य सराहनीय है और यह प्रदेश के औसत स्तर से बेहतर है। समीक्षा बैठक में उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी से मृतक, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं की जानकारी ली तथा गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और दोहरी प्रविष्टियों की स्थिति की भी समीक्षा की। विशेष रोल प्रेक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम वर्ष-2025 की मतदाता सूची में नहीं है, उनसे फॉर्म-6 भरवाया जाए। साथ ही 01 जनवरी, 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जानकारी दी कि जनपद में 904 मतदान केंद्र, 1601 मतदेय स्थल, 1601 बीएलओ, 163 सुपरवाइजर एवं 24 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल मतदाता संख्या 15,77,337 है।
अधिकारियों के साथ बैठक के पश्चात विशेष रोल प्रेक्षक ने राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की और एसआईआर कार्य में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने हेतु सभी दल सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, ईआरओ एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।