Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
AURAIYA NEWS: जिले में मिशन समाधान के अंतर्गत प्रशासन ने एक और ठोस एवं प्रभावी पहल करते हुए अजीतमल तहसील क्षेत्र में वर्षों से लंबित पड़े राजस्व एवं आपसी विवादों का निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत निस्तारण किया। तहसील अजीतमल द्वारा गठित राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमों ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि से अवैध कब्जों को हटवाया तथा ग्रामीणों के आपसी विवादों को नपती-पैमाइश के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया। इस अभियान के तहत पुराने सरकारी अभिलेखों के परीक्षण एवं मौके पर पैमाइश कर चकमार्ग, नाली/कूल, तालाब, खाद के गड्ढे, खेल का मैदान, बंजर भूमि एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से न केवल सरकारी भूमि का संरक्षण सुनिश्चित हुआ, बल्कि ग्रामीण स्तर पर लंबे समय से चली आ रही असहमतियों का भी समाधान संभव हो सका। मिशन समाधान के अंतर्गत ग्राम मुड़ैना रूपशाह, कस्बा बाबरपुर, बीसलपुर, रहमानपुर, ग्राम सबलपुर, टड़वा विकू, राजन्दाज नगर, चपटा, ऊंचा, कटघरा जुन्नारदार, कस्बा जाना एवं कटपुरा सहित विभिन्न गांवों और कस्बों में कुल 24 पुराने मामलों का निस्तारण किया गया। राजस्व एवं पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से मौके पर निशानदेही कराते हुए अवैध कब्जों को हटवाया और विवादित प्रकरणों को नियमानुसार समाप्त कराया। प्रशासन की इस सराहनीय पहल से क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तथा ग्रामीणों में न्याय और भरोसे की भावना प्रबल हुई है। मिशन समाधान के माध्यम से तहसील प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी निखिल राजपूत, तहसीलदार अविनाश कुमार, नायब तहसीलदार प्रतिभा पाल, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल सहित कोतवाली पुलिस मौजूद रही।