बांस के डंडे से पीट-पीटकर बुजुर्ग की हत्या, नामजद अभियुक्त गिरफ्तार

FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बैसपुर मजरे कटेरवा में घरेलू विवाद के चलते एक बुजुर्ग की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा (आला कत्ल) भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बैसपुर मजरे कटेरवा निवासी रामसिंह पुत्र छत्रपाल ने थाना हुसैनगंज में तहरीर देकर बताया कि दिनांक 13 नवंबर 2025 को घरेलू विवाद को लेकर आरोपी धर्मेंद्र सिंह पुत्र रामसिंह ने उनके पिता छत्रपाल लोधी (उम्र लगभग 85 वर्ष) के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से आरोपी ने बांस के डंडे से बुजुर्ग पर गंभीर रूप से हमला कर दिया। मारपीट में आई गंभीर चोटों के चलते छत्रपाल लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में थाना हुसैनगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 308/2025, धारा 103(1)/352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरागरसी एवं दबिश के बाद आरोपी धर्मेंद्र सिंह (उम्र लगभग 32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अदद बांस का डंडा भी बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *