डीएम ने बिशुनपुर कोड़र पहुंचकर पीड़ित परिवार से की मुलाकात, 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की प्रदान

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान (ब्यूरो प्रमुख) विकास खंड पचपेड़वा के ग्राम विशुनपुर कोडर में घटित वन्यजीव–मानव संघर्ष की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के उपरांत जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा प्रभावित परिवार से मौके पर पहुंचकर मुलाकात की गई। जिलाधिकारी ने शोकसंतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शासन की ओर से ₹05 लाख की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया तथा परिवार को हर संभव प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता व प्रभागीय वनाधिकारी गौरव गर्ग उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और जिला प्रशासन इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता, एवं जिम्मेदारी के साथ खड़ा है। शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप त्वरित राहत उपलब्ध कराते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वन्यजीव हमलों की रोकथाम हेतु बहु-स्तरीय रणनीति लागू –
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा क्षेत्र में तत्काल एवं दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर ठोस कदम उठाए गए हैं।
प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में—
ड्रोन कैमरों के माध्यम से नियमित निगरानी एवं पेट्रोलिंग की जा रही है, जिससे वन्यजीवों की गतिविधियों पर (रीयल-टाइम) नजर रखी जा सके। ग्रामीणों को सतर्क करने एवं सुरक्षित व्यवहार अपनाने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें वन्यजीवों से संभावित खतरे, बचाव के उपाय एवं आपात स्थिति में संपर्क व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। वन्यजीवों की आवाजाही को नियंत्रित करने एवं मानव बस्तियों में प्रवेश रोकने के लिए पिंजरे स्थापित किए गए हैं, साथ ही संवेदनशील मार्गों की पहचान कर अतिरिक्त निगरानी बढ़ाई गई है। जिलाधिकारी ने वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में निरंतर सतर्कता बनाए रखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा, सूचना तंत्र की मजबूती एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *