दबंगों पर जमीन कब्जाने व मारपीट का आरोप

JHANSI NEWS: बड़ागांव थाना क्षेत्र के दिगारा शंकरगढ़ गांव में दबंगों द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने और विरोध करने पर लाठी-डंडों से उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित कलुवा पुत्र परमू ने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि पर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन होने के बावजूद दबंगों ने अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। पीड़ित के अनुसार उनकी जमीन खाता संख्या 1445/80 में दर्ज है, जो छतरपुर मार्ग के किनारे स्थित है। इस भूमि को लेकर न्यायालय तथा उपजिलाधिकारी कार्यालय में वाद संख्या 329 विचाराधीन है। इसके बावजूद 27 दिसंबर 2025 को आसाराम (अस्सू), भगवानदास, तुलसीदास, हरी सहित अन्य लोग जमीन पर बोरिंग व फाउंडेशन का कार्य कराने पहुंचे। कलुवा ने बताया कि जब उन्होंने निर्माण का विरोध किया तो आरोपियों ने कुल्हाड़ी व डंडों से हमला करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन दबंगों का आतंक बना रहा। पीड़ित का आरोप है कि थाना दिवस होने के बावजूद बड़ागांव थाने में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। पुलिस द्वारा यह कहे जाने का भी आरोप लगाया गया कि “हम आपकी रिपोर्ट नहीं लिखेंगे।” कलुवा का कहना है कि पुलिस कथित रूप से विपक्षियों का पक्ष ले रही है, जिससे उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। कलुवा ने प्रशासन, न्यायालय और वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि जब तक संबंधित मुकदमों का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक आरोपियों द्वारा किए जा रहे बोरिंग, फाउंडेशन और अन्य निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जाए, जिससे न्याय प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *