Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
PRATAPGARH NEWS: जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने रंजीतपुर चिलबिला स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण, देखभाल एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने गौशाला परिसर की साफ-सफाई, गोवंशों के रख-रखाव, ठण्ड से बचाव हेतु किए गए प्रबंध, चारे-पानी की उपलब्धता तथा बीमार पशुओं की चिकित्सा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गौशाला में मौजूद गोवंशों को दिए जा रहे चारे की गुणवत्ता की स्वयं जांच की और संबंधित कर्मियों से चारा भंडारण व वितरण की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी गोवंशों को समय पर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण चारा उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनके स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौवंश उपचार कक्ष भी पहुंचे, जहां उन्होंने बीमार गोवंशों की स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचाराधीन सभी गोवंशों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक दवाइयों और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि बीमार पशु शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य अवस्था में आ सकें। गौशाला निरीक्षण के दौरान गोवंशों के लिए निर्धारित सुविधाएं अपेक्षानुसार संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं का मूल उद्देश्य निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, इस पुनीत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर ईओ नगर पालिका परिषद बेल्हा राकेश कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।