Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: जनपद के विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में भारी ओवरलोड वाहनों के आवागमन एवं ध्वस्त सड़कों की समस्या को लेकर जिला व्यापार मंडल (पंजी.) के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि जहानाबाद, बिंदकी, बहुआ, गाजीपुर, असोथर एवं विजयीपुर कस्बों के मुख्य बाजार मार्गों पर भारी ओवरलोड वाहनों के आवागमन से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे न केवल व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान हो रहा है, बल्कि आम उपभोक्ताओं एवं जनमानस को भी भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने मांग की है कि इन व्यावसायिक क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, ओवरलोड वाहनों पर रोक तथा ध्वस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। साथ ही जनपद के एकमात्र बाईपास बहुआ जी.टी. रोड की अत्यंत दयनीय स्थिति की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उसके तत्काल मरम्मत की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जनपद के व्यापारियों एवं आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उपरोक्त मुद्दों का शीघ्र समाधान कराया जाए। यह ज्ञापन जिला व्यापार मंडल (पंजी.) के प्रदेश अध्यक्ष/जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे के नेतृत्व में सौंपा गया। इस अवसर पर राजकुमार मिश्रा, रजोल शुक्ला, इमरान खान, सरदार वरिंदर सिंह, पप्पू जैन, मो. अकरम, प्रकाश सिंह, सरदार गुरमीत सिंह सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।