स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों को स्वच्छता के लिए किया गया प्रेरित

KAUSHAMBI NEWS: कृषि विज्ञान केंद्र में दिनांक 16 दिसंबर से 31 दिसंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा का सफल आयोजन किया गया। इस पखवाड़े का उद्देश्य स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ भारत मिशन को मजबूती प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। पखवाड़े के दौरान स्वच्छता शपथ, स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, ओल्ड रिकॉर्ड की वीडिंग आउट, वेस्ट मैनेजमेंट एवं रिसाइक्लिंग, किसान दिवस का आयोजन, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई एवं श्रमदान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम संपन्न कराए गए। इन सभी गतिविधियों में वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। आज पखवाड़े के समापन अवसर पर कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता को हमें केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर मृदा वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का अत्यंत महत्व है। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं सतत विकास की आधारशिला है। स्वच्छ कार्यस्थल न केवल कार्यक्षमता को बढ़ाता है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देता है। उन्होंने आगे कहा कि कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्यरत संस्थानों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे किसानों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रेरित करें, जिससे रोगों की रोकथाम, संसाधनों का संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. अमित केशरी, शेषनाथ यादव, प्रदीप कुमार, विनयधर शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *