जिला कलेक्ट्रेट में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की दिलाई गई शपथ

MIRZAPUR NEWS: बृहस्पतिवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के संकल्प के साथ सड़क सुरक्षा माह का भव्य शुभारंभ परिवहन विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन मे यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल नगर विधायक रत्नाकर मिश्र,मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य,भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह,छानबे विधायक रिंकी कोल, पिछड़ा वर्ग से सोहन श्रीमाली,जिलाधिकारी पवन गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा पैदल चलकर सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी आमजन को दी गई तथा सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके उपरांत सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगा।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत उपस्थित जनसमूह को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग, तेज गति से वाहन न चलाना, नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। इस अवसर पर परिवहन विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जन तक यह संदेश पहुँचाना रहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का माध्यम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *