शिवराजपुर में प्राचीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्य का डीएम – सीडीओ ने लिया जायजा

गौशाला का किया औचक निरीक्षण
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने तहसील बिन्दकी के ब्लॉक मलवा अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवराजपुर का भ्रमण कर विकास एवं संरक्षण से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिवराजपुर में स्थित प्राचीन मन्दिर रसिक बिहारी लाल जी महाराज एवं गिरधर गोपाल जी मन्दिर में दर्शन–पूजन कर मंदिर परिसर का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुरातत्व विभाग द्वारा ₹1.41 करोड़ की स्वीकृत धनराशि से कराए जा रहे मंदिर सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर में बनी प्राचीन आकृतियों एवं कलाकृतियों को संरक्षित रखते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। पुरातत्व विभाग के अधिशासी अभियंता से अब तक कराए गए कार्यों की अद्यतन जानकारी भी प्राप्त की गई। इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम गिरधर गोपाल नन्दी गौशाला, शिवराजपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय गौशाला में कुल 428 गौवंश पाए गए। गौवंशों के भरण–पोषण हेतु भूसा, पशु आहार एवं हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई। उन्होंने गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, विजिटिंग रजिस्टर एवं स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया, जो अद्यतन पाए गए। प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी से टीकाकरण एवं गौवंशों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने साप्ताहिक निरीक्षण हेतु रोस्टर बनाकर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया, जहां काऊ कोट, तिरपाल एवं अलाव की पर्याप्त व्यवस्था पाई गई। इस दौरान खंड विकास अधिकारी मलवा ने बताया कि गौवंशों के लिए तीन बीघा भूमि में नेपियर घास उगाई गई है। इस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार बिन्दकी को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत में पशुचर, परती एवं नवीन परती भूमि को चिन्हित कर ग्रामसभा को उपलब्ध कराई जाए, जिससे हरे चारे की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके साथ ही गौशाला के समीप मियावाकी पद्धति से कराए गए पौधरोपण का भी अवलोकन कर आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार बिन्दकी, खंड विकास अधिकारी मलवा, पुरातत्व विभाग के अधिशासी अभियंता, प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *