Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
उत्तर प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को तकनीकि रूप से सशक्त बना रही है:अन्नू श्रीवास्तव
FATEHPUR NEWS: जनपद के नरपतपुर – दमापुर स्थित स्वर्गीय हरपाल सिंह महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण मुक्त टैबलेट वितरण योजना के अंतर्गत निःशुल्क टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीए, बीएससी एवं एमए कक्षाओं के लगभग 40 छात्र–छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रविंद्र पाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्रबंधक अरविंद पाल सिंह ने की तथा संचालन प्राचार्य जे.पी. राजवंशी की देखरेख में सम्पन्न हुआ। अतिथियों द्वारा छात्र–छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए गए, जिन्हें पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। मुख्य अतिथि अन्नू श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को तकनीकि रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में निःशुल्क टैबलेट का वितरण कर रही है। यह टैबलेट विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहायक सिद्ध होंगे और डिजिटल माध्यम से शिक्षा को और अधिक सरल व सुलभ बनाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्र–छात्राएं देश का भविष्य हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। वहीं विशिष्ट अतिथि रविंद्र पाल सिंह ने कहा कि डिजिटल शिक्षा के इस दौर में टैबलेट विद्यार्थियों के लिए एक मजबूत साधन है, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ ऑनलाइन अध्ययन सामग्री का लाभ उठा सकेंगे। महाविद्यालय प्रबंधक अरविंद पाल सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सरकार की इस योजना को छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। इस अवसर पर बड़े बाबू रामबाबू सिंह भदौरिया, अजय राज सिंह, निहाल सिंह, गणेश दत्त त्रिपाठी, प्रताप नारायण, भूषण, प्रभाकर, रीना यादव, सुभाषिनी सिंह, प्रिंसी यादव, हर्ष शर्मा, कुलदीप विश्वकर्मा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छात्र–छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।