Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: जनपद में आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और प्रत्येक प्रकरण पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, साइबर अपराध, धोखाधड़ी, महिला उत्पीड़न सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का विधिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी शिकायतकर्ता के साथ अन्याय न होने पाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। जनसुनवाई के अंत में पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्भय होकर पुलिस से संपर्क करें। फतेहपुर पुलिस जनहित, सुरक्षा और न्याय के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।