Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में वांछित, वारंटी एवं शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली पुलिस ने एक कुख्यात एवं शातिर अभियुक्त को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं गश्त के दौरान अभियुक्त शिवगोपाल उर्फ राजा पुत्र शिवकरन निवासी अमैना थाना बिन्दकी जनपद फतेहपुर, उम्र करीब 35 वर्ष, को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर एवं दो अदद जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 06/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु रवाना कर दिया गया है। वहीं पुलिस जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त पर चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा आयुध अधिनियम जैसी संगीन धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास उसके आपराधिक मंसूबों और समाज के लिए खतरा होने को दर्शाता है। इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय, उपनिरीक्षक बंशीधर राय, कांस्टेबल श्याम सिंह एवं कांस्टेबल कन्हैयालाल शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने कोतवाली पुलिस टीम की तत्परता और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अवैध हथियार रखने वालों और शातिर अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। फतेहपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में भय का माहौल बना है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस सख्त कार्यवाही को कानून-व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया है।