Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
खागा के व्यापारी नेता मदन केशरवानी नंदी के नेतृत्व में मिला प्रतिनिधिमंडल
FATEHPUR NEWS: खागा रेलवे स्टेशन पर कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग को लेकर खागा कस्बे के व्यापारियों ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की है। स्थानीय व्यापारी नेता मदन केशरवानी नंदी की अगुवाई में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रयागराज में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी से शिष्टाचार भेंट कर रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने यह ज्ञापन प्रयागराज में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी को मेजा के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया की उपस्थिति में सौंपा। ज्ञापन में खागा रेलवे स्टेशन पर कालिंदी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग करते हुए इसे क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण जनसमस्या बताया गया। व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि खागा नगर व्यापारिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कस्बा है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ एवं दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों की यात्रा करते हैं। कालिंदी एक्सप्रेस का ठहराव न होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई यात्रियों को मजबूरी में अन्य दूरस्थ स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की अनावश्यक हानि होती है। इस पर कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने व्यापारियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े इस विषय को रेल मंत्रालय तक प्रमुखता से पहुंचाया जाएगा और ठहराव के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। वहीं पूर्व विधायक उदयभान करवरिया ने भी व्यापारियों की मांग को उचित बताते हुए रेलवे विभाग से शीघ्र निर्णय लेने की बात कही। वहीं व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही कालिंदी एक्सप्रेस का खागा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित होगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर नीरज पांडेय, ऋषि कुमार जनसेवक, अमित केशरवानी, हिमांशु सिंह, शिवम सिंह, प्रदीप सिंह, मनु पांडेय सहित लगभग एक दर्जन व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।