Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: जिले में चल रहे एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान छक्के को लेकर दो टीमों के खिलाड़ियों के बीच जमकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना जाफरगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव की है, जहां आयोजित टूर्नामेंट में कानपुर और जिगनी की टीमों के बीच मुकाबला चल रहा था। मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि समाचार पत्र नहीं करता है। दर्शकों के अनुसार मैच के छठवें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर खिलाड़ी आपस में भिड़ गए, जिससे मैदान में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दर्शकों और कुछ खिलाड़ियों में भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना के दौरान ईंट-पत्थर चलने की भी बात सामने आ रही है। स्थिति बिगड़ते देख टूर्नामेंट आयोजक समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर किसी तरह हालात को काबू में किया। काफी प्रयासों के बाद विवाद शांत कराया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। बताया गया है कि यह क्रिकेट टूर्नामेंट अपने अंतिम चरण में चल रहा है और इसका समापन 5 जनवरी को होना है। ग्राम प्रधान नईम खां ने बताया कि घटना के बावजूद टूर्नामेंट को रद्द नहीं किया जाएगा और मैच सोमवार को भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कमेटी अध्यक्ष गुफरान खां और जिगनी टीम के प्रतिनिधि आफताब आलम के बीच आपसी समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। वहीं खबर लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक किसी औपचारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है, जबकि आयोजक समिति ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाने की बात कही है।