कर्मचारी भविष्य निधि भुगतान नहीं तो काम बंद: जितेन्द्र शर्मा

15 जनवरी तक मांगें पूरी न होने पर जिलेभर में बड़ा आंदोलन का अल्टीमेटम
KAUSHAMBI NEWS: मनरेगा कर्मियों की कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) के भुगतान को लेकर आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने जिला प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 15 जनवरी तक जिले के सभी मनरेगा कर्मियों की कर्मचारी भविष्य निधि की लंबित धनराशि उनके खातों में स्थानांतरित नहीं की गई, तो जिलेभर के मनरेगा कर्मी काम बंद कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।जिलाध्यक्ष ने बताया कि जनपद में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी लंबे समय से अपने वैधानिक अधिकार से वंचित हैं। कर्मियों की कर्मचारी भविष्य निधि की राशि आज भी विभिन्न खंड विकास अधिकारियों के होल्डिंग खातों में पड़ी हुई है, लेकिन इसके भुगतान को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार ज्ञापन सौंपे जाने और अनुरोध करने के बावजूद प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही मिले हैं। इससे मनरेगा कर्मियों में भारी नाराजगी है और अब संघर्ष के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।जितेंद्र शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी एवं उपायुक्त श्रम रोजगार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर कर्मचारी भविष्य निधि की संपूर्ण लंबित राशि शीघ्र कर्मचारियों के खातों में भेजी जाए।उन्होंने दो टूक कहा कि यदि तय समय सीमा तक भुगतान नहीं हुआ, तो मनरेगा कर्मी धरना-प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार और कार्यालयोंकी तालाबंदी जैसे कड़े कदम उठाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।मनरेगा कर्मियों ने साफ कर दिया है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल भुगतान चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *