सेरेब्रल पाल्सी है न्यूरो-डेवलपमेंटल स्थिति:डॉ.अनिरुद्ध के पुरोहित

हर बच्चा विशेष क्षमताओं के साथ  लेता है जन्म: डा जितेन्द्र जैन

त्रिशला फाउंडेशन ने सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों के साथ नववर्ष मनाया

PRAYAGRAJ NEWS: त्रिशला फाउंडेशन की ओर से कर्नलगंज इंटर कॉलेज मैदान, जॉर्जटाउन में आज नववर्ष समारोह का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए समर्पित रहा, जिसमें बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं अभिभावकों की सकारात्मक सहभागिता ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ न्यूरोसर्जन एवं सेरेब्रल पाल्सी विशेषज्ञ डॉ. अनिरुद्ध के पुरोहित हैदराबाद ने कहा कि सेरेब्रल पाल्सी कोई बीमारी नहीं बल्कि एक न्यूरो-डेवलपमेंटल स्थिति है, जिसमें सही समय पर उपचार, नियमित थैरेपी, सकारात्मक वातावरण एवं अभिभावकों के धैर्यपूर्ण सहयोग से बच्चों की क्षमताओं में आश्चर्यजनक सुधार संभव है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के मानसिक और भावनात्मक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं क्योंकि इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और सामाजिक जुड़ाव मजबूत होता है। डॉ. पुरोहित ने अभिभावकों को यह भी समझाया कि निरंतर अभ्यास, प्यार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की कुंजी है। कार्यक्रम के अंतर्गत पिकनिक, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं पारंपरिक बाटी-चोखा भोज का आयोजन किया गया। खेल गतिविधियों में अभिभावकों ने खो-खो, रस्सा कसी, लेमन रेस जैसे खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया गया, जबकि बच्चों द्वारा पासिंग पिलो, क्रॉल जलेबी रेस सहित विभिन्न रोचक एवं क्षमतावर्धक खेलों में सहभागिता की गई। संस्था के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र जैन ने  कहा कि हर बच्चा विशेष क्षमताओं के साथ जन्म लेता है और आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने एवं सही दिशा देने की होती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वह अपने बच्चों की तुलना दूसरों से ना करें, बल्कि उनकी छोटी-छोटी उपलब्धियों को भी उत्सव की तरह मनाएं। डॉ. जैन ने यह भी कहा कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है कि दिव्य बच्चों को सहानुभूति नहीं बल्कि सम्मान, अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान की जाए। सभी खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को संस्था के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र जैन, सचिव वरिदमाला जैन एवं मुख्य अतिथि डॉ. अनिरुद्ध के. पुरोहित ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया । सचिव वरिदमाला जैन ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों को निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों की क्षमताओं को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना, अभिभावकों को मार्गदर्शन प्रदान करना तथा समाज में सकारात्मक सोच और समावेशिता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *