Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
PRAYAGRAJ NEWS: अमृत एजुकेशनल एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट, प्रयागराज द्वारा रिती आई केयर अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जाँच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन गयादीन विश्वकर्मा इण्टर कालेज, भिदिउरा, थरवई, प्रयागराज में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा आँखों से संबंधित रोगों की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना था। शिविर के दौरान सैकड़ों लोगों की नेत्र जाँच की गई, जिनमें से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयाँ एवं चश्मे वितरित किए गए। जाँच के उपरांत 22 लोगों में मोतियाबिंद की पहचान की गई, जिनमें से 8 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए अस्पताल ले जाया गया। मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क कंबल भी वितरित किए गए। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष तीर्थराज विश्वकर्मा ने कहा कि अमृत एजुकेशनल एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी सेवाएँ पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। इस प्रकार के शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे। शिविर में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सीबीसी से जुड़े राममूरत विश्वकर्मा ने कहा कि इस तरह के सामाजिक एवं स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और आमजन को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर में डॉक्टरों की टीम, ट्रस्ट के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे इस जनकल्याणकारी कार्य की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।