Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
डीएम–एसपी ने तहसील माधौगढ़ में सुनीं फरियादियों की समस्याएँ, समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण के निर्देश
JALAUN NEWS: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में तहसील माधौगढ़ के तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान तहसील क्षेत्र से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर कुल 51 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान मौके पर ही करना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण नियमानुसार, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि निस्तारित प्रकरणों की जानकारी समय से फरियादियों को उपलब्ध कराई जाए तथा लंबित मामलों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि मारपीट, आपसी रंजिश एवं अन्य आपराधिक प्रवृत्तियों से संबंधित शिकायतों में पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच कर त्वरित व प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा एवं न्याय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, उप जिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० देवेंद्र भिटौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।