जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रैन बसेरों का निरीक्षण कर शीतलहर में आमजन को राहत देने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी द्वारा खुले में सो रहे व्यक्तियों को तत्काल रैन बसेरो में भिजवाने के निर्देश दिए
MUZAFFARNAGAR NEWS:  जनपद में शीतलहर एवं ठंड के प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को राहत एवं सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय  वर्मा द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित रैन बसेरे तथा रेलवे रोड पर संचालित रैन बसेरे का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा रैन बसेरों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया गया। उन्होंने रैन बसेरों में ठहरने वाले नागरिकों के लिए साफ-सुथरे बिस्तर, पर्याप्त कंबल, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं स्वच्छता की स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि रैन बसेरों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर आश्रय उपलब्ध कराया जाए। इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा रेलवे रोड पर भ्रमण किया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा में रुके यात्रियों को भी रैन बसेरे की सुविधाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने यात्रियों को बताया कि ठंड के मौसम में रैन बसेरे में सुरक्षित एवं आरामदायक रूप से ठहरने की सुविधा उपलब्ध है और ट्रेन आने तक वहीं रुकने के निर्देश दिए गए, जिससे यात्रियों को शीतलहर से बचाया जा सके। साथ ही अधिकारियों द्वारा अलाव ताप रहे लोगों से भी वार्ता की गई तथा अलाव की निरंतर व्यवस्था बनाए रखने एवं आवश्यकतानुसार अतिरिक्त अलाव स्थापित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के जिला प्रशासन द्वारा मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण असहाय स्थिति में न रहे। रैन बसेरों के माध्यम से बेसहारा, निर्धन, राहगीरों एवं यात्रियों को सुरक्षित आश्रय, गर्माहट एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि शीतलहर के इस कठिन समय में समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाई जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर  सत्यनारायण प्रजापत, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)  गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर  प्रवीण कुमार द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *