Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
फ़ोटो: सूची दिखाते पूर्व प्रधान हनुमन्त सिंह तथा ग्राम पंचायत सदस्य शैलेंद्र कुमार
ETAWA NEWS: ग्राम पंचायत सिसहाट के ग्रामीणों ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत को प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी जांच-पड़ताल के संबंधित अधिकारियों की कथित मिलीभगत से ग्राम पंचायत सिसहाट के अनेक मतदाताओं के नाम ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट से हटाकर नगर पालिका परिषद जसवंतनगर की मतदाता सूची में जोड़ने की साजिश की जा रही है, जबकि वे अपने नाम ग्राम पंचायत की सूची में ही बनाए रखना चाहते हैं। शिकायतकर्ताओं में शैलेन्द्र, हनुमंत सिंह, सुधीर, सामंत, संजो देवी, सत्यम, कमलेश कुमारी, राजवीर, रूप किशोर, दीपक कुमार, नेहा, भूरी देवी, सुरेंद्र, विनोद, अनिल कुमार सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से ग्राम पंचायत सिसहाट के स्थायी निवासी हैं और वर्ष 2021 व 2025 की निर्वाचन नामावली में उनके नाम ग्राम पंचायत सिसहाट में ही दर्ज रहे हैं। साथ ही उनके मकान भी ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित हैं। इसके बावजूद अचानक उनके नाम काटकर नगर पालिका क्षेत्र में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका वे पुरजोर विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत सिसहाट के लगभग 133 मतदाताओं के नाम नगर पालिका जसवंतनगर की सूची में जोड़ने के लिए बीएलओ द्वारा दबाव बनाया जा रहा है, जिससे गांव में भारी आक्रोश है। उन्होंने कुछ शरारती तत्वों पर जानबूझकर वोट कटवाने और ग्रामीणों को नगर पालिका में शामिल कराने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया।ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिन मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जा रहे हैं, उन्हें ग्राम पंचायत सिसहाट की मतदाता सूची में ही बनाए रखने की मांग की है।