सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान को लेकर पुलिस व एनएचएआई की पहल

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत चला जागरूकता अभियान
वाहन चालकों को थ्री-एम रेडियम स्टिकर वितरित
FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की थीम “परवाह” के तहत सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को फतेहपुर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव तथा त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस थाना थरियांव एवं हंसवा पुलिस चौकी में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस चौकी हसवा प्रभारी अरुण कुमार मौर्य, सीसी टीम प्रभारी सतीश पवार, हेड कांस्टेबल दीपू, राजेंद्र कुमार, प्रवीण चौधरी एवं अतुल शुक्ला की उपस्थिति में वाहन चालकों को थ्री-एम रेडियम स्टिकर वितरित किए गए। इस अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित सीएसआर एवं सुरक्षा मैनेजर फिरोज खान ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन की चाबी न दें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। अत्यंत आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा कर ही मोबाइल का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि सावधानी ही सुरक्षा है, जबकि असावधानी जानलेवा हो सकती है। वहीं अतुल शुक्ला ने कहा कि चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि वाहन चालक देश का भविष्य हैं और देश की उन्नति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इस मौके पर सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा सड़क सुरक्षा नियमावली पुस्तिका का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में त्रिवेणी संगम हाइवे की रूट पेट्रोलिंग टीम सहित आसपास के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *