विकास खंड सभागार में किसान गोष्ठी का हुआ आयोजन

AURAIYA NEWS: अजीतमल विकासखंड सभागार में मंगलवार को सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन आला योजना के तहत एक रबी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती और विभिन्न कृषि तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञ दिनेश तिवारी ने किसानों को रबी फसलों की क्रांतिक अवस्था, उनकी बढ़वार, सिंचाई के सही तरीके और आवश्यक पोषण प्रबंधन के बारे में अवगत कराया। उन्होंने फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। एफपीओ भवानी शंकर फार्मर प्रोड्यूसर सांफर अजीतमल के फार्मर मास्टर ट्रेनर लाखन सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती रसायन मुक्त होती है और यह स्वास्थ्य के लिए अधिक लाभकारी है। वास्तु विशेषज्ञ नितेंद्र कुमार ने किसानों को पाले से फसलों को बचाने के उपाय बताए। उन्होंने शाम को खेत की मेड़ पर धुआं करने, हल्की सिंचाई करने और घुलनशील गंधक (सल्फर) का छिड़काव करने जैसी विधियों की जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी (कृषि) योगेंद्र सिंह राजपूत ने कीट और रोग नियंत्रण पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सरसों में माहू के लिए नीम के तेल के उपयोग और आलू को झुलसा रोग से बचाने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर कृषि से संबंधित बीटीएम दिनेश सिंह, एटीएम मोहित चौधरी, प्रवीण दुबे सहित क्षेत्र के कई किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *