Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
गुणवत्ता व समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने गुरुवार को विकास खंड भिटौरा में लगभग 01 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में बने दो एकेडमिक ब्लॉक एवं हॉस्टल बिल्डिंग का गहनता से जायजा लिया। कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि एकेडमिक ब्लॉक में 3 लैब, 3 कमरे तथा 4 कक्षा कक्षों का निर्माण किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन लैब का निरीक्षण करते हुए खिड़कियों की समुचित सफाई एवं गुणवत्तापूर्ण पेंटिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने एनसीसी स्टाफ कक्ष एवं गेम रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी इनडोर खेल सामग्री को विधिवत गेम रूम में रखा जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम की भी जानकारी प्राप्त की। अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि जल निकासी की व्यवस्था स्टैंडर्ड डिजाइन के अनुसार की गई है, जिसमें दोनों ब्लॉकों की जल निकासी संयुक्त रूप से वाटर टेबल रिचार्ज में जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, यदि किसी स्थान पर इसकी आशंका हो तो तत्काल उसका प्रस्ताव तैयार किया जाए। हॉस्टल बिल्डिंग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राउंड फ्लोर पर बने कोर्टयार्ड का निरीक्षण कर उसके स्लोप को मानक के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रथम तल पर बने कमरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने समस्त ब्लॉकों में निर्माणाधीन वॉशरूम को अच्छी फिनिशिंग के साथ स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि परियोजना का कार्य 15 फरवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि आसपास के क्षेत्रों में ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान का कार्य अभी से शुरू कराया जाए। साथ ही परियोजना का नियमित भ्रमण कर गुणवत्ता में यदि किसी प्रकार के सुधार की आवश्यकता हो तो अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कस्तूरबा विद्यालयों का एक समग्र ले-आउट तैयार कराया जाए, जिसमें किचन गार्डन, खेल मैदान तथा यदि पास में कोई सरकारी भूमि उपलब्ध हो तो उसे विद्यालय के शैक्षिक उद्देश्यों के लिए उपयोग में लाने का प्रस्ताव शामिल किया जाए। इसके साथ ही जहां कस्तूरबा विद्यालय तैयार होकर हैंडओवर हो चुके हैं, वहां की प्रधानाध्यापिकाओं से संवाद कर आ रही समस्याओं को चिन्हित कर उनका समाधान कराया जाए। विद्यालय परिसर में सोलर पैनल लगाने हेतु भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत लालीपुर स्थित पंचायत भवन एवं सामुदायिक मिलन केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने पंचायत सचिव को निर्देशित किया कि पंचायत भवन में प्रतिदिन बैठकर कार्य करें तथा सामुदायिक मिलन केंद्र को भी प्रतिदिन खुला रखा जाए, साथ ही नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे हैं।