एआरटीओ कार्यालय में नए अभ्यर्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की दी गई जानकारी

FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत चली मुहिम सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम के अंतर्गत ड्राइविंग टेस्ट देने आए नए अभ्यर्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) प्रतीक मिश्रा की उपस्थिति में टेस्टिंग ट्रैक पर अभ्यर्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से हेल्मेट पहनने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा ओवरस्पीडिंग से बचने की सलाह दी गई। इसके साथ ही कोहरे के समय सुरक्षित यात्रा के लिए विशेष सावधानियों पर भी प्रकाश डाला गया। अभ्यर्थियों को बताया गया कि कोहरे में वाहन धीमी गति से चलाएं, अपनी लेन में ही चलें, वाहन की हेडलाइट लो बीम पर रखें और पेटेंट लेन मार्किंग (सफेद पट्टी) का सहारा लेकर वाहन चलाएं। परिवहन अधिकारी ने यह भी बताया कि वाहन मोड़ने से पहले कम से कम 10 सेकंड तक दाएं-बाएं इंडिकेटर का प्रयोग करें, एक वाहन से दूसरे वाहन के बीच उचित दूरी बनाए रखें, कोहरे में तेज गति या ओवरटेकिंग न करें तथा हाई बीम लाइट जलाकर वाहन न चलाएं। सुरक्षा के दृष्टिगत कोहरे की स्थिति में वाहन का म्यूजिक बंद रखने और मोबाइल फोन का उपयोग न करने की भी सलाह दी गई, ताकि अन्य वाहनों के हॉर्न की आवाज स्पष्ट रूप से सुनाई दे सके। इस अवसर पर मोटर वाहन निरीक्षक कृष्ण चंद्र सिंह, समस्त प्रवर्तन स्टाफ एवं कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य नए चालकों को शुरुआत से ही सुरक्षित, जिम्मेदार और नियमों के अनुरूप वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *