फर्जी बैनामा कर जमीन हड़पने का आरोप, पीड़ित परिवार ने डीएम से लगाई गुहार

सिविल जज जूनियर डिवीजन की अदालत में मामला विचाराधीन
FATEHPUR NEWS: जनपद के थाना हथगाम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खासमऊ निवासी तीन सगे भाइयों ने पैतृक भूमि पर फर्जी बैनामा कर कब्जा करने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की न्यायिक जांच कराने और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित नियाजउद्दीन, सदरउद्दीन एवं साहबउद्दीन पुत्रगण मजहर का कहना है कि उनकी पैतृक भूमि गाटा संख्या 641, रकबा 0.340080 हेक्टेयर, जो नेशनल हाईवे जीटी रोड के किनारे स्थित एक बहुमूल्य वाणिज्यिक भूमि है, को साजिश के तहत हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप लगाया गया है कि साहबउद्दीन मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं, जिसका फायदा उठाकर अब्दुल कादिर पुत्र शाहिद खान ने धोखाधड़ी करते हुए उनसे फर्जी बैनामा करा लिया। इस संबंध में वाद संख्या 288/2025 सिविल जज जूनियर डिवीजन, फतेहपुर की अदालत में पहले से विचाराधीन है। पीड़ितों का कहना है कि नामांतरण प्रक्रिया में आपत्ति दर्ज कराने के बाद दबंगई दिखाते हुए अब्दुल कादिर ने उक्त भूमि का दोबारा बैनामा पवन कुमार पाण्डेय पुत्र शिवदत्त पाण्डेय के पक्ष में कर दिया, जो कथित रूप से राजनीतिक संरक्षण प्राप्त भू-माफिया बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दोनों आरोपी मिलकर लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और जमीन बेचने का दबाव बना रहे हैं। पीड़ितों ने आशंका जताई है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए अब्दुल कादिर एवं पवन कुमार पाण्डेय जिम्मेदार होंगे। पीड़ितों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *