फतेहपुर में खूनी वर्चस्व की जंग, बीच सड़क दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला

राधानगर थाना क्षेत्र में हुई खूनी संघर्ष
FATEHPUR NEWS: जनपद में वर्चस्व की लड़ाई एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। राधानगर थाना क्षेत्र में दबंगों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बीच सड़क दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दोनों भाइयों को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में दोनों सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने पर एक घायल अन्नू तिवारी को कानपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। मामले में पुलिस ने उप निरीक्षक सुदामा प्रसाद की तहरीर पर कुल 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और घटना के बाद से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उधर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है। जनपद में हुई इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां वर्चस्व की लड़ाई में खुलेआम हिंसा को अंजाम दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *