Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
SIDHARTHNAGAR NEWS: आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ के बोरा पेट्रोल पंप के पास स्थित जनहित हॉस्पिटल एंड फ्रैक्चर क्लीनिक में गर्भवती महिला के ऑपरेशन के बाद मौत का मामला सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार चौरसिया ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित कर दी है। हलौरा निवासी विमला देवी का आरोप है कि उनकी बहू सावित्री पत्नी राजेश पासवान को एक दिसंबर 2025 को प्रसव के लिए सीएचसी शोहरतगढ़ लाया गया था। वहां तैनात आशा ने खून की कमी बताते हुए सरकारी अस्पताल में इलाज संभव न होने की बात कही और निजी अस्पताल में बेहतर सुविधा का झांसा दिया। परिजन उसकी बातों में आकर जनहित हॉस्पिटल ले गए। आरोप है कि निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। पेशाब रुक गया और झटके आने लगे। इसके बाद अस्पताल संचालक ने उसे निजी वाहन से गोरखपुर भेज दिया। बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान तीसरे दिन प्रसूता की मौत हो गई। मामले में अस्पताल संचालक पर खुद को बड़ा डॉक्टर बताकर इलाज करने और नियमों की अनदेखी करने के आरोप हैं। वहीं आशा पर सरकारी से निजी अस्पताल मरीज ले जाकर गुमराह करने का आरोप लगाया गया है। सीएमओ के निर्देश पर गठित जांच टीम में नोडल अधिकारी नैदानिक डा. एम.एम. त्रिपाठी, सीएचसी अधीक्षक डा. ए.के. आजाद, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. गरिमा मिश्रा और पीएचसी बढ़नी के प्रभारी चिकित्साधिकारी अविनाश चौधरी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।